नगर आयुक्त के निर्देश के बाद जोन-3 में लाइसेंस अभियान तेज, 450 से अधिक लाइसेंस बनाकर 70 लाख रुपये का राजस्व जुटाया

नगर आयुक्त के निर्देश के बाद जोन-3 में लाइसेंस अभियान तेज, 450 से अधिक लाइसेंस बनाकर 70 लाख रुपये का राजस्व जुटाया
लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशों के बाद नगर निगम के जोन-3 में लाइसेंस निर्माण एवं राजस्व वसूली अभियान ने गति पकड़ ली है। जोन-3 की राजस्व टीम ने अब तक 450 से अधिक लाइसेंस जारी कर नगर निगम कोष में लगभग 70 लाख रुपये का राजस्व जमा कराया है।
इस अभियान का नेतृत्व कर अधीक्षक आलोक श्रीवास्तव कर रहे हैं। उनके साथ राजस्व निरीक्षक विशाल श्रीवास्तव, स्वाती श्रीवास्तव, उदय त्रिपाठी एवं निजाम की टीम लगातार क्षेत्र में अभियान चलाकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अन्य संबंधित इकाइयों का लाइसेंस बनवाने का कार्य कर रही है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, लाइसेंस व्यवस्था को मजबूत करने और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले वित्तीय वर्ष में जोन-3 में लगभग 700 लाइसेंस बनाए गए थे। वहीं चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती महीनों में ही 450 से अधिक लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि इस वर्ष पिछले वर्ष के आंकड़ों को पीछे छोड़ने की संभावना है।
नगर निगम का मानना है कि लाइसेंस व्यवस्था में सुधार और राजस्व संग्रह में वृद्धि से शहर के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।



