Lucknow:लखनऊ को स्वच्छता में देश का नंबर-1 शहर बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी: मंत्री ए.के. शर्मा

लखनऊ को स्वच्छता में देश का नंबर-1 शहर बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी: मंत्री ए.के. शर्मा
लखनऊ। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 को लेकर बुधवार को संगम सभागार में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में देश में प्रथम स्थान दिलाने के उद्देश्य से विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि लखनऊ ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अब लक्ष्य देश का सबसे स्वच्छ शहर बनना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए तथा सीवेज से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अस्पतालों, होटलों और व्यावसायिक क्षेत्रों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश गए।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में मोहल्ला सभाओं और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की अपील की। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम लखनऊ को स्वच्छता में देश का अग्रणी शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं और नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करें।
बैठक में भाजपा पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित नगर निगम के कई अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।



