लखनऊ

EXCLUSIVE: डालीगंज पुल के पास सड़क धंसी, सीमेंट लदा ट्रक फंसा—बड़ा हादसा टला

 EXCLUSIVE: डालीगंज पुल के पास सड़क धंसी, सीमेंट लदा ट्रक फंसा—बड़ा हादसा टला

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज

लखनऊ। राजधानी में निर्माण कार्यों की लापरवाही अब सीधे सड़कों पर नजर आने लगी है। डालीगंज पुल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सीमेंट से लदा एक ट्रक अचानक धंसी सड़क में फंस गया। ट्रक का पहिया सीवर के ढक्कन के पास धंस गया, जिससे वाहन पलटने की स्थिति बन गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

यह वही सड़क है जहां हाल ही में द्वारा गहरी सीवर लाइन डालने के बाद रेस्टोरेशन का काम किया गया था। आरोप है कि यह कार्य मानकों के विपरीत किया गया, जिसकी वजह से सड़क अब कमजोर होकर धंसने लगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है, क्योंकि यह आईटी चौराहे से मेडिकल कॉलेज जाने का प्रमुख रास्ता है। साथ ही आसपास थोक बाजार और आरा मशीनों के चलते रोजाना ओवरलोडेड ट्रक गुजरते हैं।

गौरतलब है कि सड़क निर्माण और मरम्मत का जिम्मा (पीडब्ल्यूडी) का होता है, लेकिन सीवर कार्य के बाद जल निगम ने ही सड़क को दुरुस्त करने का काम अपने हाथ में लिया, जो अब सवालों के घेरे में है।

पीडब्ल्यूडी ने दावा किया है कि  इस मामले में  जल निगम को पत्र जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद सुधार नहीं हुआ। अब यह घटना सीधे तौर पर विभागीय लापरवाही को उजागर कर रही है।

👉 सवाल उठता है कि आखिर ऐसी लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है?
👉 क्या आम जनता की जान जोखिम में डालने वालों पर कार्रवाई होगी?

अब जरूरत है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लें और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।

Related Articles

Back to top button