लखनऊ

लखनऊ-होली पर यूपी रोडवेज की बड़ी तैयारी: 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसें, कर्मचारियों को ₹4500 तक प्रोत्साहन

होली पर यूपी रोडवेज की बड़ी तैयारी: 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसें, कर्मचारियों को ₹4500 तक प्रोत्साहन

लखनऊ, 24 फरवरी 2026। होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष परिवहन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 28 फरवरी से 09 मार्च 2026 तक अतिरिक्त बसों के संचालन के निर्देश जारी किए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अतिरिक्त बसों की विशेष व्यवस्था

मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वांचल एवं अन्य जिलों की ओर होने वाले यात्री दबाव को देखते हुए बसों की संख्या पूर्व निर्धारित कर ली जाए।

निगम की शत-प्रतिशत बसों को ऑन-रोड रखा जाएगा।अनुबंधित बसों को अवकाश नहीं दिया जाएगा।
60% यात्री लोड मिलते ही अतिरिक्त सेवाएं तत्काल शुरू की जाएंगी।
जाम या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सुरक्षा और निगरानी के कड़े निर्देश
यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए:
चालकों व परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट अनिवार्य रहेगा।
बसों में फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध होंगे।
बसों की तकनीकी फिटनेस, सीटों की स्थिति व खिड़की शीशों की जांच सुनिश्चित की जाएगी।
बस स्टेशनों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा।
कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना
होली अवधि में अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों को विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी:
300 किमी प्रतिदिन औसत संचालन पर ₹3600 (₹360 प्रतिदिन की दर से)
10 दिन लगातार ड्यूटी व मानक पूर्ण करने पर ₹4500 (₹450 प्रतिदिन की दर से)
अतिरिक्त किलोमीटर पर 55 पैसे प्रति किमी अतिरिक्त भुगतान
कार्यशाला कर्मियों को 10 दिन ड्यूटी पर ₹2100 तथा 9 दिन पर ₹1800
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर अलग से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले क्षेत्रों और डिपो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
लक्ष्य: सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा
परिवहन मंत्री ने कहा कि होली जैसे प्रमुख पर्व पर प्रदेशवासियों को सुरक्षित, समयबद्ध और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को पूर्व तैयारी, सतत निगरानी और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button