नगर आयुक्त के निर्देश पर गृहकर बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई, जोंनल अधिकारी विनीत सिंह ने जोन–5 में 35 संपत्तियां की सील

नगर आयुक्त के निर्देश पर गृहकर बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई, जोन–5 में 35 संपत्तियां सील
लखनऊ।
नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम द्वारा गृहकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जोन–5 में बड़ी कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर करीब 60 लाख रुपये के बकाए वाली 35 संपत्तियों को सील किया।
नगर निगम की यह कार्रवाई चित्रगुप्त नगर, सरोजिनी नगर प्रथम, सरोजिनी नगर द्वितीय, बाबू कुंज बिहारी और रामजी लाल सरदार पटेल नगर में की गई। लंबे समय से गृहकर बकाया होने के बावजूद भुगतान न किए जाने पर यह कठोर कदम उठाया गया।
इस अभियान के दौरान कृष्णानगर स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय को भी भारी गृहकर बकाया होने के कारण सील किया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद बकायेदारों द्वारा कर जमा नहीं किया गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई अपरिहार्य हो गई।
जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि गृहकर बकाया रखने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी। कर अधीक्षक सभाजीत सिंह ने कहा कि जो संपत्ति स्वामी शीघ्र गृहकर जमा करेंगे, उनके सील हटाने की प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई से बकायेदारों में हड़कंप है, वहीं नियमित रूप से कर जमा करने वाले नागरिकों ने निगम की इस सख्ती का स्वागत किया है।



