लखनऊ

लखनऊ की शान में नगर निगम जोन 8 मैदान में- साफ कर दिया सड़को पर फैला अतिक्रमण

नगर निगम लखनऊ का अतिक्रमण विरोधी अभियान, जोन–8 में बड़ी कार्रवाई

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण एवं यातायात अवरोध की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को एक सघन एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त  गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

इसी क्रम में शहर में व्याप्त अवैध अस्थायी अतिक्रमण, ठेले-खोपचे तथा बिना अनुमति लगाए गए होल्डिंग, बैनर और पोस्टर के विरुद्ध उच्चाधिकारियों के निर्देशों के तहत दिनांक 13 जनवरी 2026 को जोन–8 में विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जोनल अधिकारी जोन–8 श्री विकास सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की 296 टीम की उपस्थिति में संपन्न हुई।

अभियान के दौरान पराग चौराहे से पावर हाउस चौराहे तक सड़क किनारे एवं फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोपचे एवं अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। नगर निगम टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए सड़क एवं फुटपाथ को पूरी तरह खाली कराया। कार्रवाई के दौरान अवैध अतिक्रमण में प्रयुक्त 02 प्लास्टिक स्टूल, 01 इलेक्ट्रिक कांटा, 01 लोहे की मेज, 01 कांटा एवं 01 लोहे की बेंच सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध अतिक्रमण न केवल यातायात व्यवस्था को बाधित करता है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनता है। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से बचने की सख्त चेतावनी दी है। नगर निगम लखनऊ ने यह भी बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button