नगर निगम लखनऊलखनऊ

लखनऊ-यूपी के मुखिया के निर्देश पर अधिकारी हुए सक्रिय-नगर आयुक्त गौरव कुमार ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण

 

कड़ाके की ठंड में नगर आयुक्त ने देर रात किया रैनबसेरों का निरीक्षण,

शहर में लगातार बढ़ रही ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने देर रात शहर के विभिन्न स्थायी एवं अस्थायी शेल्टर होम (रैनबसेरों) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि ठंड से बचाव के लिए नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाएं ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित हो रही हैं और जरूरतमंद लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान नगर आयुक्त के साथ चीफ इंजीनियर सिविल  महेश वर्मा, नगर अभियंता जोन-5  राजीव शर्मा तथा नगर अभियंता जोन-8  शील श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले जोन-5 क्षेत्र में आलमबाग चौराहा एवं अवध चौराहे पर स्थित रैनबसेरों का निरीक्षण किया। यहां ठहरने वाले लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली गई और मौके पर उपलब्ध सुविधाओं की गहनता से जांच की गई।

इसके पश्चात जोन-8 क्षेत्र में संभल खेड़ा स्थित राजा राम हॉस्पिटल के सामने बने अस्थायी रैनबसेरे तथा नहरिया चौराहे पर बदनाम लड्डू के सामने स्थापित अस्थायी रैनबसेरे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी स्थानों पर अलाव जलते हुए पाए गए और ठंड से बचाव की आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहीं।

नगर आयुक्त  गौरव कुमार ने रैनबसेरों में साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, कंबल एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकांश स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। हालांकि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड के प्रकोप को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाए।

नगर आयुक्त  गौरव कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रैनबसेरों में नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए, अलाव पर्याप्त मात्रा में जलते रहें तथा जरूरतमंदों को समय पर कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सर्दी के मौसम में बेघर और असहाय नागरिकों की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button