लखनऊ में जलभराव, टूटी सड़कें और नालियों की दुर्दशा पर विधायक राजेश्वर सिंह ने उठाए सवाल-CM को लिखा पत्र

विधायक राजेश्वर सिंह का मुख्यमंत्री को पत्र
🌧️ लखनऊ में जलभराव, टूटी सड़कें और नालियों की दुर्दशा पर उठाए सवाल
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में जलभराव, खस्ताहाल सड़कों और जाम नालियों की समस्या पर सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर नगर निगम और नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की मांग की है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि लखनऊ नगर निगम एवं नगर विकास विभाग की लापरवाही के कारण नागरिकों को हर वर्ष भारी जलभराव और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। हाल ही में हुई बारिश ने एक बार फिर इन विभागों की अक्षमता को उजागर कर दिया।
मुख्य समस्याएँ जो पत्र में उठाई गईं

1️⃣ नालियों की दुर्दशा – अधिकांश नालियाँ जाम या अतिक्रमण से बाधित हैं। मानसून पूर्व नियमित सफाई नहीं होती।
2️⃣ सड़कों की खस्ताहाली – करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पहली ही बारिश में नई बनी और हाल ही में मरम्मत की गई सड़कों पर गड्ढे उभर आते हैं।
3️⃣ बार-बार जलभराव वाले क्षेत्र – आलमबाग, राजाजीपुरम, चारबाग, इन्दिरानगर, गोमतीनगर विस्तार, हजरतगंज और सरोजनी नगर जैसे क्षेत्रों में हर वर्ष बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं।
4️⃣ जवाबदेही का अभाव – नगर निगम व नगर विकास विभाग के अभियंताओं/अधिकारियों की कोई जिम्मेदारी तय नहीं होती, जिससे लापरवाही लगातार बनी रहती है।
विधायक राजेश्वर सिंह की मांग
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि:
- नगर निगम और नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा हो।
- जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
- जलभराव, सड़क मरम्मत और ड्रेनेज व्यवस्था के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।



