लखनऊ:इसी महीने शुरू होगी ‘लजीज गली’-नींबू पार्क में भी जल्द शुरू होगा नया फाउंटेन

हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास बनेगी पार्किंग, 450 वाहन खड़े हो सकेंगे
लखनऊ। हुसैनाबाद क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा रूमी गेट के पास बड़ी पार्किंग विकसित की जाएगी, जहां बसों समेत करीब 450 वाहन खड़े हो सकेंगे। इस संबंध में एलडीए उपाध्यक्ष ने बुधवार को हेरिटेज जोन का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने बताया कि रूमी गेट और आसपास के क्षेत्र में अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे बड़ा इमामबाड़ा, घंटाघर और रूमी दरवाजा घूमने आने वाले पर्यटकों को भी परेशानी होती है। इसे देखते हुए लगभग 9 हजार वर्गमीटर भूमि चिन्हित की गई है, जहां करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्किंग बनाई जाएगी।
इस पार्किंग में 15 बसें, 150 चार पहिया वाहन और लगभग 300 दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। वाहनों की आवाजाही के लिए रूमी गेट के पास 14 मीटर चौड़ा कॉरिडोर बनाया जाएगा, जबकि पैदल यात्रियों के लिए मुसाफिरखाना गेट से अलग निकासी मार्ग दिया जाएगा।
इसके अलावा हुसैनाबाद स्थित फूड कोर्ट के पीछे निर्माणाधीन लाइब्रेरी के पास भी लगभग 700 वर्गमीटर क्षेत्र में अतिरिक्त पार्किंग विकसित की जाएगी। एलडीए का मानना है कि इन दोनों पार्किंग स्थलों के बनने से क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
धीमी प्रगति पर ठेकेदार पर जुर्माना
निरीक्षण के दौरान रेजिडेंसी के पास चल रहे प्लेसमेकिंग कार्य की प्रगति धीमी मिलने पर उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके बाद सूरजकुंड पार्क का निरीक्षण कर अवैध झुग्गी और टीनशेड हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पार्क कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए मशीन लगाने को कहा गया।
इसी महीने शुरू होगी ‘लजीज गली’
एलडीए द्वारा हुसैनाबाद में विकसित की जा रही ‘लजीज गली’ का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। यहां 15 फूड कियोस्क बनाए गए हैं और वर्तमान में टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण चल रहा है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को 15 दिन के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर इसी महीने लजीज गली शुरू कराने के निर्देश दिए। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और पर्यटकों को नया आकर्षण भी मिलेगा।
नींबू पार्क में जल्द शुरू होगा नया फाउंटेन
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने नींबू पार्क का भी जायजा लिया। उन्होंने पार्क में लगाए गए नए फाउंटेन को जल्द शुरू कराने और विभिन्न प्रजातियों के नींबू के पौधे लगाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



