LDA की लापरवाही से संकट में बिजली सप्लाई, 15 हजार उपभोक्ताओं के प्रभावित होने की आशंका

LDA की लापरवाही से खतरे में बिजली सप्लाई, 15 हजार लोग प्रभावित होने की आशंका
लखनऊ: राजधानी में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। जोन पाँच के अंतर्गत आने वाले कुर्सी रोड स्थित सरगम अपार्टमेंट के पास एक व्यावसायिक प्लॉट पर निर्माण के दौरान बिना बिजली विभाग की अनुमति (NOC) के डबल बेसमेंट की खुदाई की गई, जिससे इलाके की ट्रेंच लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान 11KV और 33KV की बिजली लाइनें भी खतरे में आ गईं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि इन लाइनों को “मौत का झूला” बताया जा रहा है।
मामला सामने आने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। पिछले तीन दिनों से बिजली विभाग की टीम लगातार स्थिति को संभालने में जुटी हुई है।
वहीं, आरोप है कि LDA के विद्युत यांत्रिक विभाग के अधिकारी इस मामले में लापरवाही बरत रहे हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा कई बार कॉल करने के बावजूद भी LDA के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
इस घटना के कारण इलाके की बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में रहने वाले करीब 15 हजार लोगों की बिजली सप्लाई प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
बिजली विभाग अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।
उपरोक्त मामले को लेकर समाज सेवी विवेक शर्मा ने अपने ट्वीटर हैंडल पर अधिकारियों की लापरवाही उजागर की है अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कब होगी, या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।




