अटल नगर के फ्लैट अब 10 साल की आसान किश्तों में, एलडीए ने दी बड़ी राहत

अटल नगर के फ्लैट अब 10 साल की आसान किश्तों में, एलडीए ने दी बड़ी राहत
रितेश श्रीवास्तव-SNB-5/26
लखनऊ: आम लोगों के घर के सपने को साकार करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अपनी अफोर्डेबल हाउसिंग योजना अटल नगर को और अधिक बजट फ्रेंडली बना दिया है। अब यहां फ्लैट लेने वाले आवंटियों को 10 वर्षों की आसान किश्तों में भुगतान की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ब्याज दर में भी 2 प्रतिशत की छूट दी गई है। यह निर्णय एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा जन सामान्य की मांग पर लिया गया है और आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
एलडीए के अनुसार, देवपुर पारा स्थित अटल नगर योजना में 12 से 19 मंजिल तक के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट बनाए गए हैं। इनमें 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर तक के फ्लैट शामिल हैं, जिनकी शुरुआती कीमत लगभग 9.83 लाख रुपये है। अधिकांश फ्लैटों का आवंटन पहले ही लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है, जबकि शेष 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है।
इनमें 1 बीएचके के 539 और 2 बीएचके के 91 फ्लैट शामिल हैं।
किश्तों में बड़ी राहत
पहले आवंटियों को 7 वर्षों में 84 किश्तों के जरिए भुगतान करना होता था, जिस पर 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर लागू थी। इससे 1 बीएचके फ्लैट की मासिक किश्त करीब 15,000 रुपये तक पहुंच जाती थी, जो कई लोगों के लिए भारी साबित हो रही थी।
नई व्यवस्था के तहत अब भुगतान अवधि बढ़ाकर 10 वर्ष यानी 120 किश्तें कर दी गई है और ब्याज दर घटाकर 7 प्रतिशत कर दी गई है। इससे 1 बीएचके फ्लैट की मासिक किश्त घटकर करीब 10,767 रुपये रह जाएगी, यानी करीब 4,000 रुपये की राहत मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा अटल नगर
अटल नगर योजना में स्वच्छ जल आपूर्ति, निर्बाध बिजली, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एरिया, किड्स प्ले एरिया और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पंजीकरण शुल्क 1 बीएचके फ्लैट के लिए 55,658 रुपये और 2 बीएचके के लिए 1,00,852 रुपये निर्धारित किया गया है, जो आवंटन न होने पर वापस कर दिया जाएगा।
पंजीकरण में दिख रहा उत्साह
एलडीए के मुताबिक, अब तक 15 दिनों में 2,108 लोगों ने रजिस्ट्रेशन बुकलेट खरीदी है, जबकि 642 लोगों ने सफलतापूर्वक ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
एलडीए का यह कदम मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है, जिससे अब अपना घर खरीदना पहले के मुकाबले आसान हो जाएगा।
🔵 1. अटल नगर में बड़ी राहत: अब 10 साल की आसान किश्तों में मिलेगा फ्लैट
🔵 2. एलडीए का बड़ा फैसला: ब्याज दर घटी, EMI हुई सस्ती
🔵 3. घर खरीदना हुआ आसान: अटल नगर फ्लैट्स पर नई सुविधा लागू
🔵 4. EMI में राहत: अब सिर्फ ₹10,767 में मिल सकता है अपना घर
🔵 5. लखनऊ में सस्ता हुआ घर: एलडीए ने घटाई ब्याज दर
🔵 6. मिडिल क्लास को बड़ी राहत: अटल नगर योजना हुई और किफायती


