Lucknow:सरगम अपार्टमेंट में पार्किंग बिक्री को लेकर उठे सवाल, LDA पर आवंटियों को गुमराह करने का आरोप

सरगम अपार्टमेंट में पार्किंग बिक्री को लेकर उठे सवाल, LDA पर आवंटियों को गुमराह करने का आरोप
लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार योजना स्थित सरगम अपार्टमेंट में ओपन पार्किंग के आवंटन/बिक्री को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के महासचिव एवं समाजसेवी विवेक शर्मा ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि प्राधिकरण आवंटियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर अतिरिक्त धन उगाही का प्रयास कर रहा है।
विवेक शर्मा ने अपने एक्स पोस्ट में जिक्र करते हुए कहा कि सरगम अपार्टमेंट में लगभग 720 फ्लैट हैं, जबकि एलडीए द्वारा मात्र 136 ओपन पार्किंग के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि शेष निवासियों और उनके आगंतुकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था कैसे होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे भविष्य में निवासियों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।
महासमिति ने यह भी सवाल उठाया कि फ्लैटों की रजिस्ट्री के समय ओपन पार्किंग बिक्री संबंधी कोई स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई। साथ ही यह भी पूछा गया कि क्या इस पार्किंग व्यवस्था का उल्लेख रेरा स्वीकृत मानचित्र में किया गया है या नहीं।
विवेक शर्मा का कहना है कि सरगम अपार्टमेंट के ब्रोशर में शॉपिंग आर्केड और कम्युनिटी सेंटर जैसी सुविधाओं का वादा किया गया था, लेकिन आज तक इनका निर्माण नहीं हो सका। इसके विपरीत पार्किंग के नाम पर धन वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे आवंटियों में नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने मांग की कि पार्किंग बिक्री की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आवंटियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
हालांकि, इस संबंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। प्राधिकरण का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



